होम / बड़ी ख़बरें / हनीट्रैप के जरिए रची गई अपहरण की साजिश पर्दाफाश, 5 आरोपियों को गिरफ्तार
बड़ी ख़बरें
दुर्ग। हनीट्रैप के जरिए रची गई अपहरण की साजिश का दुर्ग पुलिस ने महज कुछ घंटों में पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस सनसनीखेज मामले में पीड़ित परिवार का ही परिचित/भांजा मास्टरमाइंड निकला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत नाबालिग बालक को सकुशल बरामद कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 अप्रैल 2026 को थाना अमलेश्वर में प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके नाबालिग पुत्र को मोटरसाइकिल बनवाने के बहाने तिरंगा चौक, अमलेश्वर बुलाया गया, जहां अज्ञात व्यक्तियों ने उसका अपहरण कर लिया। घटना के बाद आरोपियों ने मोबाइल के जरिए संपर्क कर धमकी भी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अमलेश्वर पुलिस, साइबर सेल और एसीसीयू टीम की संयुक्त टीम गठित कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों जैसे मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। जांच के दौरान आरोपियों की लोकेशन धमतरी जिले में मिलने पर वहां की पुलिस के साथ समन्वय कर संयुक्त कार्रवाई की गई। टीम ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और बालक को सुरक्षित छुड़ा लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी संजय साहू ने महिला आरोपी हेम पुष्पा साहू के माध्यम से हनीट्रैप की योजना बनाई थी। आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से बालक को झांसे में लेकर अपने साथियों के साथ मिलकर अपहरण की वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने आर्थिक लाभ और फिरौती के उद्देश्य से अपराध करना स्वीकार किया।
पुलिस ने इस मामले में शैलेन्द्र लहरे (25 वर्ष), कृष्णा साहू उर्फ करण (28 वर्ष), रविंद्र लहरे (20 वर्ष), संजय साहू (25 वर्ष) और हेम पुष्पा साहू (24 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक सेंट्रो कार और 6 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 140(3), 351(3) और 61 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में अमलेश्वर थाना पुलिस, साइबर सेल, एसीसीयू टीम और धमतरी पुलिस की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया और अज्ञात व्यक्तियों से संपर्क के दौरान सतर्क रहें तथा हनीट्रैप जैसी घटनाओं से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.