दुर्ग। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर दुर्ग कांग्रेस में इन दिनों जबरदस्त सरगर्मी देखने को मिल रही है। अध्यक्ष चयन के लिए जारी चुनावी प्रक्रिया ने पार्टी के भीतर खींचतान और गुटबाजी को खुलकर उजागर कर दिया है। यह चुनाव अब सिर्फ आपसी आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित नहीं रह गया, बल्कि अब इसमें एक-दूसरे को बदनाम करने के लिए ओछे राजनीतिक हथकंडे अपनाए जाने की चर्चा भी जोरों पर है।
सूत्रों के अनुसार, अध्यक्ष पद के एक प्रमुख दावेदार की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए विरोधी खेमे ने उनकी छवि धूमिल करने की साजिश रचनी शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि एक वरिष्ठ नेता के इशारे पर कुछ लोग मिलकर उनके खिलाफ माहौल तैयार करने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता इस पूरे घटनाक्रम से भली-भांति परिचित हैं और ऐसे साजिशकर्ताओं के प्रति अंदरखाने गहरी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।
अध्यक्ष पद अब ‘पावर सेंटर’ बनने जा रहा है
नई व्यवस्था के तहत शहर कांग्रेस अध्यक्ष का पद बेहद अहम माना जा रहा है। अध्यक्ष को सीधे विधानसभा और लोकसभा चुनाव की टिकट वितरण समिति में शामिल किया जाएगा। टिकट वितरण के दौरान उनकी राय को निर्णायक महत्व मिलेगा। यही कारण है कि इस पद के लिए दावेदारी को लेकर प्रतिस्पर्धा और भी तेज हो गई है।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि पिछले तीन दशकों से दुर्ग शहर कांग्रेस संगठन लगातार कमजोर स्थिति में रहा है। इसका मुख्य कारण यह बताया जाता है कि अब तक अध्यक्ष का ‘रिमोट कंट्रोल’ स्थानीय कांग्रेस के एक बड़े नेता के हाथों में रहा है। यही नेता एक बार फिर अपने मनपसंद व्यक्ति को अध्यक्ष बनवाने के लिए सक्रिय हैं, लेकिन इस बार उन्हें कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।
धीरज बाकलीवाल को मिल रहा कार्यकर्ताओं का भारी समर्थन
अध्यक्ष पद के दावेदारों में पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल को कार्यकर्ताओं का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक अजय कुमार लल्लू इन दिनों कार्यकर्ताओं से वन-टू-वन चर्चा कर रहे हैं, और इस दौरान अधिकतर कार्यकर्ता बाकलीवाल का ही नाम सुझा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि बाकलीवाल की बढ़ती लोकप्रियता से कुछ वरिष्ठ नेताओं के खेमे में बेचैनी और बौखलाहट का माहौल है। इसी वजह से विरोधी खेमे द्वारा रायपुर स्थित एक रिश्तेदार की मदद से उनके खिलाफ नकारात्मक प्रचार चलाने की कोशिशें की जा रही हैं। यहां तक कि इसमें पार्टी की एक महिला नेत्री का भी उपयोग किया गया है।
हालांकि, पार्टी के अधिकांश कार्यकर्ता धीरज बाकलीवाल के व्यवहार और सादगी के कायल हैं। उन्हें पिछले 25 वर्षों में कभी किसी के साथ अमर्यादित व्यवहार करते नहीं देखा गया है। विपक्षी दलों के लोग भी बाकलीवाल की शालीनता और सार्वजनिक जीवन में उनके सकारात्मक रवैये की सराहना करते हैं। विपक्षी खेमे में भी इस पूरे विवाद को लेकर कांग्रेस के एक बड़े नेता की खिल्ली उड़ाई जा रही है।
“मैंने किसी को समर्थन नहीं दिया, खुद दावेदार हूं” – राजकुमार साहू
बीते दिन यह खबर प्रचारित की गई थी कि शहर कांग्रेस के पांच ब्लॉक अध्यक्षों में से चार ब्लॉक अध्यक्षों ने आर.एन. वर्मा को समर्थन दे दिया है। लेकिन इस खबर को ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार साहू ने सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि उन्होंने किसी भी उम्मीदवार को समर्थन नहीं दिया है और वे स्वयं अध्यक्ष पद के दावेदार हैं।
इसी तरह एक अन्य ब्लॉक अध्यक्ष ने भी नाम न छापने की शर्त पर बताया कि उनके नाम का उपयोग समर्थन दिखाने के लिए भ्रामक तरीके से किया गया है, जो पूरी तरह गलत और भ्रामक है।
एक दावेदार के समर्थकों ने अरुण वोरा की कर रखी है घेराबंदी
राजनैतिक गलियारों में एक नई चर्चा भी तेजी से चल रही है। बताया जा रहा है कि अध्यक्ष पद के एक अन्य दावेदार के समर्थकों ने पूर्व विधायक अरुण वोरा की घेराबंदी कर रखी है और उन्हें समर्थन देने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। इस गुट का मानना है कि यदि उनका उम्मीदवार अध्यक्ष बन जाता है तो पार्टी के पुराने गुट का अस्तित्व और प्रभाव एक बार फिर मजबूत हो जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, इस दावेदार ने पहले भी शहर अध्यक्ष रहते हुए कई बार अपमान के घूंट पिए हैं, और अब वे उस अपमान का बदला संगठनात्मक शक्ति के जरिये लेना चाहते हैं।
दुर्ग शहर कांग्रेस में अध्यक्ष पद की यह जंग अब केवल संगठनात्मक प्रक्रिया नहीं रही, बल्कि प्रतिष्ठा और अस्तित्व की लड़ाई बन गई है। आने वाले दिनों में पर्यवेक्षक की रिपोर्ट और शीर्ष नेतृत्व का निर्णय यह तय करेगा कि दुर्ग शहर कांग्रेस की कमान किसके हाथ में होगी – संगठन की नई सोच रखने वाले नेताओं के या पुराने ढर्रे को कायम रखने वालों के।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.