होम / बड़ी ख़बरें / खाद निरीक्षक के नाम पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर 22 लाख की ठगी — पुलगांव पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
बड़ी ख़बरें
दुर्ग । नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने वाले एक गिरोह का पुलगांव (अंजोरा) पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। आरोपियों ने खाद निरीक्षक, पर्यवेक्षक और चपरासी जैसे पदों पर नियुक्ति दिलाने का झांसा देकर आठ आवेदकों से लगभग ₹22 लाख की ठगी की थी। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामला तब सामने आया जब दीपेश कुमार निषाद (उम्र 26 वर्ष, निवासी महमरा) ने थाना पुलगांव (अंजोरा) में लिखित शिकायत दी कि गांव के मनोज साहू ने अपने साथियों मुकेश वर्मा और रजत वर्मा के साथ मिलकर खाद निरीक्षक पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर उससे ₹4 लाख की मांग की थी। आरोपियों ने ₹2 लाख नकद और शेष रकम ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने एक फर्जी नियुक्ति आदेश व्हाट्सएप के जरिए भेजकर नौकरी लगने का विश्वास दिलाया।
कुछ समय बाद जब नियुक्ति फर्जी निकली, तब शिकायतकर्ता को ठगी का एहसास हुआ। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने कई अन्य लोगों से भी इसी तरह रकम वसूल कर फर्जी नियुक्ति पत्र दिए थे।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 420/2025 दर्ज कर धारा 420, 467, 468, 471, 34 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। विवेचना के दौरान आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने ठगी की बात स्वीकार की।
जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह का मास्टरमाइंड मनोज कुमार साहू था, जो लोगों से संपर्क कर सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देता था। रजत वर्मा और मुकेश वर्मा उसके सहयोगी के रूप में रकम वसूलने और दस्तावेज पहुंचाने का काम करते थे। वहीं, फर्जी नियुक्ति पत्र बनाने वाला टाइपिंग सेंटर संचालक महेश हिरावं भी इस ठगी रैकेट में शामिल था।
पुलिस ने आरोपियों से फर्जी नियुक्ति पत्र, दस्तावेज, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री जब्त की है। चारों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी —
- मनोज कुमार साहू (40 वर्ष), निवासी अंजोरा, पुलगांव
- रजत वर्मा (25 वर्ष), निवासी भिलाई नगर
- मुकेश वर्मा (53 वर्ष), निवासी भिलाई नगर
- महेश हिरावं (63 वर्ष), निवासी हरिनगर, मोहन नगर
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नौकरी लगाने के नाम पर धन की मांग करने वाले किसी भी व्यक्ति के झांसे में न आएं और ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.