दक्षिणापथ। हाल के दिनों में लगता है जैसे बॉलीवुड में शादी की बहार आई हुई है। पिछले साल के अंत में कई कलाकार एक-दूसरे के हो गए। हाल में विक्की कौशल-कैटरीना कैफ और राजकुमार राव-पत्रलेखा शादी के रिश्ते में बंधे थे। अब दिग्गज अभिनेता फरहान अख्तर के घर भी शहनाई बजने वाली है। खबरों की मानें तो वह अपनी गर्लफ्रेंड शिबानी दांडेकर के साथ 21 फरवरी को कोर्ट मैरिज करेंगे। इसी के साथ दोनों आधिकारिक तौर पर पति-पत्नी हो जाएंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, फरहान अपनी गर्लफ्रेंड शिबानी से 21 फरवरी को कोर्ट मैरिज करने वाले हैं। यह कपल 21 फरवरी को मुंबई में अपनी शादी का रजिस्ट्रेशन करवाएगा। एक सूत्र ने बताया, उन दोनों की शादी की योजना काफी समय से चल रही थी, क्योंकि वे लंबे समय से प्यार में हैं। कुछ समय से वे शादी की योजनाओं पर चर्चा कर रहे हैं और आखिरकार चीजों को आगे ले जाने का फैसला किया गया है।रिपोर्ट में दावा किया गया था कि फरहान और शिबानी मार्च में शादी रचाएंगे। खबरों की मानें दोनों मायानगरी यानी मुंबई में ही शादी के बंधन में बंधेंगे। हालांकि, कोरोना के बढ़ते संकट की वजह से उनकी शादी में चुनिंदा लोग ही शरीक होंगे। फरहान और शिबानी ने शादी के लिए एक फाइव स्टार होटल भी बुक किया है। कपल शादी के खास मौके पर मशहूर फैशन डिजाइनर सब्यसाची के डिजाइन किए हुए कपड़े पहनेगा।फिलहाल अपनी शादी की तारीख को लेकर इस कपल ने आधिकारिक ऐलान नहीं किया है। ऐसी चर्चा है कि ये दोनों कोर्ट मैरिज करने के बाद शादी का रिसेप्शन देंगे। फरहान और शिबानी एक-दूसरे को पिछले तीन साल से अधिक समय से डेट कर रहे हैं। वे सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के लिए अपने प्यार का इजहार करने से कभी नहीं कतराते हैं। अक्सर दोनों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होती रहती हैं। अभिनेता फरहान की यह दूसरी शादी होगी। उन्होंने सेलेब्रिटी हेयर स्टालिस्ट अधुना भबानी को तीन साल तक डेट करने के बाद 2000 में उनसे शादी की थी। शादी के 16 साल बाद 2017 में उनका तलाक हुआ था। फरहान और अधुना की दो बेटियां हैं शाक्या और अकीरा। अब जहां फरहान, शिबानी के साथ हैं, वहीं अधुना, डीनो मोरिया के भाई निकोलो मोरियो के साथ रिलेशनशिप में हैं। अधुना अपनी दोनों बेटियों को भी निकोलो से मिलवा चुकी हैं। फरहान अपने कई फिल्मों के प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा में हैं। वह फिल्म युध्रा का निर्माण कर रहे हैं, जिसमें सिद्धान्त चतुर्वेदी के साथ मालविका मोहनन नजर आएंगी। इस फिल्म को रवि उद्यावर निर्देशित करेंगे। वह गुरमीत सिंह की फिल्म फोन भूत को लेकर भी सुर्खियों में हैं। रितेश सिधवानी और फरहान मिलकर इस फिल्म का निर्माण करेंगे। शर्माजी नमकीन के निर्माण की जिम्मेदारी भी फरहान के कंधों पर होगी।
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है। सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।